Home Blog Page 209

गांधीवादी विचारक डा. एसएन सुब्बाराव का निधन

0

मुरैना । प्रख्यात गांधीवादी नेता और चंबल की धरती को डकैतों के आतंक से मुक्ति दिलाने वाले डा एसएन सुब्बा राव का निधन हो गया है। श्री राव ने बुधवार काे तड़के 4:00 बजे जयपुर के अस्पताल में अंतिम सांस ली है। शाम 4 बजे उनकी पार्थिव देह मुरैना पहुंचेगी, जहां अंतिम दर्शनों के लिए उनकी पार्थिव देह को रखा जाएगा। उसके बाद जौरा स्थित गांधी सेवा आश्रम में ले जाया जाएगा, जहां गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गौरतलब है कि डा एसएन सुब्बा राव चंबल में आतंक का पर्याय बन चुके डाकुओं का सामूहिक सरेंडर करवाने के बाद चर्चाओं में आए थे।

डा एसएन सुब्बा राव का पूरा जीवन समाजसेवा काे समर्पित रहा है। डा सुब्बा राव ने 14 अप्रैल 1972 काे गांधी सेवा आश्रम जाैरा में 654 डकैताें का समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण एवं उनकी पत्नी प्रभादेवी के सामने सामूहित आत्मसमर्पण कराया था। इनमें से 450 डकैताें ने जाैरा के आश्रम में, जबकि 100 डकैताें ने राजस्थान के धाैलपुर में गांधीजी की तस्वीर के सामने हथियार डालकर समर्पण किया था।

ग्वालियर चंबल संभाल में डा सुब्बा राव साथियाें के बीच भाईजी के नाम से प्रसिद्ध थे। डा सुब्बा राव ने जाैरा में गांधी सेवा आश्रम की नींव रखी थी, जो अब श्योपुर तक गरीब व जरूरतमंदों से लेकर कुपोषित बच्चों के लिए काम कर रहा है। डा सुब्बा राव ने श्याेपुर के त्रिवेणी संगम घाट पर गांधी जी की तेरहवी का आयाेजन शुरू करवाया था। आदिवासियाें काे मूल विकास की धारा में लाने के लिए वह अपनी टीम के साथ लगातार काम करते रहे हैं।

दीपावली पर चंद्र-मंगल का केंद्र व शनि का शश योग

0

उज्जैन। धान की अधिष्ठात्री देवी माता लक्ष्मी के पूजन का महापर्व दीपावली इस बार चंद्र-मंगल के केंद्र तथा शनि के शश योग की साक्षी में मनाया जाएगा। धर्मशास्त्रीय मान्यता में दीपावली पर इस प्रकार के शुभ योगों का संयोग लक्ष्मी प्राप्ति के लिए विशेष माना गया है। ज्योतिषियों के अनुसार दीपावली पर ग्रह, नक्षत्र व योगों का यह विशिष्ट संयोग 30 साल बाद बन रहा है। ज्योतिषाचार्य  के अनुसार 4 नवंबर को दीपावली गुरुवार के दिन चित्रा नक्षत्र में आरंभ होगी तथा स्वाति नक्षत्र की साक्षी में प्रीति व आयुष्मान योग के संयुक्त क्रम में दीपोत्सव मनाया जाएगा। ग्रह गोचर की गणना से देखें तो दीपावली पर ग्रह, नक्षत्र व योगों का विशेष अनुक्रम बन रहा है। जिसमें केंद्र के अंतर्गत चंद्र, मंगल, शनि का विशेष संयोग रहेगा। यह भी कहा जा सकता है कि यह उत्तरोत्तर वर्गोत्तम रहेंगे। साथ ही सूर्य, मंगल व चंद्र की युति विशेष लाभ देने वाली रहेगी। यही नहीं केंद्र में शुभ ग्रहों का योग भी सहयोगात्मक रहेगा।

भारतीय ज्योतिष शास्त्र में पंच महापुरुष योग का उल्लेख मिलता है। उन्हीं योगों में एक शश नाम का योग भी है। यह योग शनि के स्वराशि में केंद्रगत होने से बनता है। इस बार शनि स्वयं की राशि मकर में रहेंगे। यह स्थिति जनमानस के लिए अनुकूल बताई गई है। इसके माध्यम से व्यापार व्यवसाय में प्रगति का नया सूत्रपात होगा।

पूजन के लिए प्रदोषकाल विशेष

दीपावली पर पूजन की मान्यता मुहूर्त विशेष पर निर्भर करती है। यदि श्रेष्ठ मुहूर्त में पूजन किया जाए, तो श्रेष्ठ फल मिलता है। धर्मशास्त्र के अनुसार लक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ समय प्रदोषकाल है। इसी समय वृषभ लग्न की साक्षी भी रहती है। इस बार प्रदोष काल शाम 6.20 से रात्रि 8.20 बजे तक रहेगा। इस मुहूर्त में पंचोपचार व षोडशोपचार पूजन करना चाहिए।

अशाेक नगर सीएमओ के ग्वालियर स्थित निवास पर ईओडब्ल्यू का छापा

0

ग्वालियर। अशाेक नगर सीएमओ महेश कुमार दीक्षित के ग्वालियर सुरेश नगर स्थित निवास पर आज सुबह ईओडब्ल्यू ने छापा मारा। सुबह जब टीम ने सीएमओ के घर की घंटी बजाई ताे परिजनाें के हाेश उड़ गए। अंदर पहुंचते ही टीम ने सभी दस्तावेज एवं कंप्यूटर काे अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक ईओडब्ल्यू के हाथ कराेड़ाें की संपत्ति के दस्तावेज लग चुके हैं। वर्तमान में कार्रवाई जारी है।

अशाेक नगर सीएमओ महेश कुमार दिक्षित का सुरेश नगर थाटीपुर में तीन मंजिला मकान है। एमके दीक्षित पूर्व में आंतरी एवं बिलाैआ में सीएमओ भी रहे हैं। ईओडब्ल्यू डीएसपी सतीश चतुर्वेदी के नेतृत्व में आज सुबह टीम ने दीक्षित के थाटीपुर सुरेश नगर स्थित निवास पर छापा मारा। टीम काे एमके दीक्षित के मकान से करीब एक दर्जन बेशकीमती संपत्तियाें के दस्तावेज भी मिले हैं। इसमें सुरेश नगर में तीन मंजिला मकान के अलावा सेथिया गांव में तीस बीघा जमीन के कागज भी मिले हैं। सूत्राें की माने ताे टीम काे काफी मात्रा में गाेल्ड एवं कैश भी मिला है, हालांकि इसकी अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टीम अब घर में मिले सभी दस्तावेज एवं कंप्यूटर खंगालने में जुटी हुई है।

ईओडब्ल्यू ने पकड़ी रफ्तारः ईओडब्ल्यू ने पिछले कुछ माह में जिले में ताबड़ताेड़ कार्रवाई की है। विशेष रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियाें में इन कार्रवाई से खाैफ का माहाैल बन चुका है। गाैरतलब है कि अब ईओडब्ल्यू काे अब भ्रष्ट अधिकारियाें के खिलाफ भी कार्रवाई के अधिकार मिल चुके हैं।

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी

0

16th East Asia summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 16वें पूर्वी एशियाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने जा रहे हैं। बुधवार को होने वाले इस कार्यक्रम में आतंकवाद के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर चर्चा होगी।

नई दिल्‍ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 16वें पूर्वी एशियाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने जा रहे हैं। बुधवार को होने वाले इस कार्यक्रम में आतंकवाद के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी वर्चुअली शामिल होंगे। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी है।

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन भारत-प्रशांत में प्रमुख नेताओं के नेतृत्व वाला मंच है। 2005 में अपनी स्थापना के बाद से, इसने पूर्वी एशिया के रणनीतिक और भू-राजनीतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 10 आसियान सदस्य देशों के अलावा, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भारत, चीन, जापान, कोरिया गणराज्य, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका और रूस शामिल हैं।

भारत, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन का संस्थापक सदस्य होने के नाते, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को मजबूत करने और समकालीन चुनौतियों से निपटने के लिए इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह आसियान आउटलुक ऑन इंडो पैसिफिक (एओआईपी) और इंडो-पैसिफिक ओशन इनीशिएटिव (आईपीओआई) के जुड़ने से संबंधित भारत-प्रशांत में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

16वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में नेता समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद, कोविड-19 में सहयोग सहित क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय हित और चिंता के मामलों पर चर्चा करेंगे। नेताओं से यह भी अपेक्षा की जाती है कि वे पर्यटनऔर ग्रीन रिकवरी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, आर्थिक सुधार पर घोषणाओं को स्वीकार करें, जिन्हें भारत द्वारा सह-प्रायोजित किया जा रहा है।

एविन लुईस ने खेली अर्धशतकीय पारी, वेस्टइंडीज ने रखा 144 रनों का लक्ष्य

0

यूएई और ओमान में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में आज दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला हो रहा है। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहा है। टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए हैं। टीम की ओर से एविन लुईस ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए, जबकि कप्तान कीरोन पोलार्ड ने 26 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने तीन और केशव महाराज ने दो विकेट अपने नाम किए। टी-20 विश्व कप की अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए साउथ अफ्रीका को 144 रन बनाने होंगे।

20 ओवर में वेस्टइंडीज ने 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए हैं। इस मैच को जीतने के लिए साउथ अफ्रीका को 144 रन बनाने होंगे। कैरेबियाई टीम की ओर से एविन लुईस ने सबसे अधिक 56 रन बनाए, जबकि कप्तान कीरोन पोलार्ड ने 26 रनों का योगदान दिया।

29 नवंबर से शुरू हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, चुनाव से पहले सरकार के पास बड़ा मौका

0

संसद का शीतकालीन सत्र अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है। अगले साल उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव है। इसके मद्देनजर चुनाव से पहले सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 29 नवंबर से 23 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र आयोजित होने की संभावना है।

संसद का शीतकालीन सत्र नवंबर के चौथे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है और इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल का सख्ती से पालन किया जाएगा। बताया गया कि सत्र क्रिसमस से पहले समाप्त हो जाएगा और इस दौरान लगभग 20 दिन सत्र आयोजित होने की संभावना है।

अगले साल उत्तरप्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर भी शीतकालीन सत्र बेहद अहम है। सत्र 29 नवंबर से शुरू हो सकता है और 23 दिसंबर के आसपास समाप्त हो सकता है। शीतकालीन सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए काफी अहम है। इस वक्त विपक्ष के पास महंगाई, ईंधन की कीमतों में वृद्धि, खाद्य तेल की कीमतों में वृद्धि, कश्मीर में नागरिकों पर हालिया हमलों और किसान समूहों द्वारा जारी विरोध प्रदर्शन जैसे मुद्दे हैं, जिनके जरिए वो संसद में सरकार को घेरने की तैयारी करेगी तो दूसरी तरफ सरकार चुनाव से पहले इस सत्र में कुछ फैसले लेकर आम जनता को फौरी राहत दे सकती है।

मक्सी से दुष्कर्म का आरोपित बड़नगर विधायक का बेटा करण मोरवाल गिरफ्तार

0

इंदौर। दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे बड़नगर के कांग्रेसी विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को इंदौर की महिला थाना पुलिस ने मक्सी से गिरफ्तार कर लिया है। उसे महिला थाना पुलिस इंदौर लेकर पहुंची है। इंदौर पुलिस और महिला थाना पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। करण पर इंदौर के राजेन्द्र नगर में रहने वाली महिला नेत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला थाना पुलिस ने करण को मक्सी बायपास पर पकड़ा। वह अपने दोस्त राहुल के साथ भागने की फिराक में था। पुलिस ने उनकी कार भी जब्त कर ली है। कुछ ही दिनों में प्रदेश में उपचुनाव होने हैं, ऐसे में हालांकि मोरवाल की गिरफ्तारी के टाइमिंग को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

करीब छह महीने से फरार चल रहा था करण मोरवाल और पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इस दौरान पुलिस ने करण पर घोषित इनामी राशि को दो बार बढ़ दिया था। पुलिस ने पहले 10000 रुपये से बढ़ाकर इनामी राशि 15 हजार रुपये की थी। इसके बाद कुछ ही दिनों पहले इसे फिर से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी थी।कुछ ही दिन पहले प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी चेतावनी देते हुए कहा था कि करण जल्द ही सरेंडर करें नहीं तो ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो दूसरे लोगों के लिए नजीर बनेगी।

इसी बीच पुलिस ने करण की तलाश में कई जगह दबिश दी थी। इंदौर पुलिस ने करण की संपत्ति भी राजसात की थी। पूछताछ के लिए उनके छोटे भाई को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद विधायक मुरली मोरवाल को थाने में आना पड़ा था। करण की अग्रीम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई थी, जो खारिज हो गई थी। इसके बाद से ही करण की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही थीं। मामले में राजनीति भी गर्मा गई थी। इस बीच पीड़िता पर भी केस वापस लेने का दबाव भी बना। कुछ आडियो भी वायरल हुए थे जिसमें महिला नेत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेता की ओर से संदेश लाने वाले व्यक्ति के बीच की बातचीत भी थी।

सतना में निष्पक्ष रूप से चुनाव कराने वाला दल ही रिश्वतखोरी में जुटा

0

सतना। सतना में रैगांव विधानसभा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए एसएसटी नाके बनाए गए हैं। एसएसटी नाकों में वाहनों की जांच के अलावा बाहर से आने वाले व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है लेकिन जांच के बहाने एसएसटी नाकों में वसूली का मामला भी सामने आया है।

एसएसटी नाके में रेत से लोड ट्रक के मालिक से एक हजार रुपये गूगल पे के जरिए लेने के मामले में प्रारंभिक जांच के उपरांत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कटेसरिया ने सहकारिता निरीक्षक और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने तीन पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही जांच भी शुरू कर दी है।

मांगी थी 15 हजार की रकम: एक हजार की वसूली खाम्हा खूझा में बनाए गए एसएसटी नाके में तैनात कर्मचारियों के द्वारा रविवार को बालू से लोड ट्रक को रुकवाया गया। ट्रक चालक से बालू परिवहन के दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज सही पाए जाने पर ओवर लोडिंग का हवाला देकर ट्रक को थाने मे खड़ा कराने की धमकी दी गई। चालक के द्वारा सूचना दिए जाने पर ट्रक मालिक एसएसटी नाका पहुंचा। एसएसटी नाका में तैनात सहकारिता निरीक्षक का परिचय एएसआइ के द्वारा खनिज अधिकारी के रूप में देकर 15 हजार रुपये की डिमांड की गई। ट्रक मालिक ने 15 हजार रुपये देने में असमर्थता जताई, आखिरकार एक हजार रुपए की देने के लिए कहा गया। नकदी न देने का हवाला देकर ट्रक मालिक ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए कहा तो एएसआई व एसएसटी नाके में तैनात कर्मचारियों के द्वारा नजदीक स्थित मेडिकल स्टोर में गूगल पे के जरिए एक हजार रुपये का पेमेंट कराया गया। एक हजार लेने के बाद ही बालू से लोड ट्रक को छोड़ा गया।

कलेक्टर ने गठित की थी जांच टीम: एसएसटी नाका में तैनात कर्मचारियों के द्वारा बालू से लोड ट्रक रोक कर गूगल पे के जरिए एक हजार रुपये वसूलने का मामला किसी ने इंटरनेट मीडिया में वायरल कर दिया। जिसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर अजय कटेसरिया इसे संज्ञान में लिया। उनके द्वारा एसडीएम की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई। जांच टीम ने पाया कि निर्वाचन कार्य में संलग्न एसएसटी टीम के द्वारा एक हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा शिकायत प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने के कारण सहकारिता निरीक्षक आशीष शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जबकि पुलिस की भूमिका और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को कहा गया।

एसपी ने सीएसपी को सौंपी जांच: खाम्हा खूझा स्थित एसएसटी नाका में ट्रक मालिक से गूगल पे के माध्यम से एक हजार रुपये का आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के द्वारा एएसआई उमेश पांडेय (पुलिस लाइन), प्रधान आरक्षक मनोज सिंह (सिटी कोतवाली), आरक्षक ललन देव पांडेय (पुलिस लाइन) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए पुलिस कर्मियों के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर विभागीय जांच कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान को सौंपी गई है। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

अवैध रेत खनन हो रहा है पूरे मध्य प्रदेश में , लोकायुक्त करें इसकी जांच : दिग्विजय सिंह

0

भोपाल । राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार दोपहर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रदेश में अवैध रेत खनन के मामले को लेकर लोकायुक्त से शिकायत की है। मीडिया से चर्चा में सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन का मामला बड़े पैमाने पर चल रहा है। अवैध रेत खनन में जिला कलेक्टर, खनिज अधिकारी और भाजपा के कई नेता शामिल हैं। दिग्विजय का आरोप है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की भी अवैध रेत खनन मामले को लेकर सहमति है। मध्य प्रदेश से निकाली जा रही रेत उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है। एक अन्य सवाल में उन्होंने कहा कि बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष को एक मामले में सजा हो चुकी है। ऐसे में यदि मैंने उन्हें गुंडा कहा तो क्या गलत कहा।

खसरे से पुजारियों का नाम हटाकर मन्दिर का नाम जोड़े

0

उज्जैन: कलेक्टर आशीष सिंह ने जिले के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि शासकीय मन्दिरों से जुड़ी भूमि पर जहां भी पुजारियों के नाम दर्ज हैं, उनको हटाकर मन्दिरों का नाम दर्ज किया जाये। साथ ही उन्होंने कहा कि खसरे में 12 नम्बर कॉलम से भी पुजारी का नाम हटाया जाये। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिये हैं कि मन्दिरों की जमीन का नामांतरण पुजारियों के नाम से कहीं भी नहीं किया जाये।